च से मुहावरे – हिंदी मुहावरे डिक्शनरी-Hindi Muhavare with Meanings

Table of Contents

च से मुहावरे Hindi Muhavare with Meanings and Sentences- हिंदी मुहावरा कोष

च से मुहावरे – मुहावरे की परिभाषा

च से मुहावरे- मुहावरे भाषा को सुंदर और लावण्यमय बनाने का काम करते हैं. मुहावरों की मदद से एक लंबी और नीरस बात को रोचक बनाया जा सकता है.

बहुधा अभिधा, लक्षणा और व्यंजना शब्दशक्तियों के उपयोग से मुहावरों का निर्माण किया जाता है. मुहावरे और लोकोक्तियां लोक मानस द्वारा निर्मित छोटी कविताएं हैं जो कम शब्दों में बड़ी बात कहने में सहायता करती है.

Muhavare in Hindi – च से मुहावरे

मुहावरा: चंडूखाने की गप

अर्थ: झूठी बकवाद।

वाक्य में प्रयोग: यह तो निरी चंडूखाने की गप है, इस पर विश्वास न करो।

मुहावरा: चंपत होना

अर्थ: खिसक जाना।

वाक्य में प्रयोग: ज्यों ही बजाज दूसरा कपड़ा लाने अन्दर गया त्यों ही चोर वह थान बगल में दबा चंपत हो गया।

मुहावरा: चकमा देना

अर्थ: धोखा देना।

वाक्य में प्रयोग: धूर्त लोग यों ही भोली-भाली लड़कियों को चकमा देकर ले जाते हैं।

मुहावरा: चक्कर में डालना

अर्थ: भ्रम में डालना।

वाक्य में प्रयोग: वकील की बातों ने मुझे चक्कर में डाल दिया।

मुहावरा: चंगुल में फंसना

अर्थ: किसी की बुरी सलाह मान लेना।

वाक्य में प्रयोग: वह उस धूर्त के चंगुल में फंस गईं और वह रातों रात उसे ले भागा।

मुहावरा: चट कर जाना

अर्थ: सब खा जाना।

वाक्य में प्रयोग: विपिन दो सेर पेड़े देखते-देखते चट कर गया।

मुहावरा: चलता करना

अर्थ: हटाना, भगाना, भेजना।

वाक्य में प्रयोग: अब उन्हें क्यों बैठाये हो, जल्दी चलता करो। इस कागज को आज चलता करो।

मुहावरा: चलती गाड़ी में रोड़ा अटकाना

अर्थ: होते हुए काम में विघ्न डालना।

वाक्य में प्रयोग: तुम तो व्यर्थ ही चलती गाड़ी में रोड़ा अटकाते हो।

च से मुहावरे: चल निकलना

अर्थ: किसी काम में सफलता प्राप्त होना।

वाक्य में प्रयोग: अब तो तुम्हारा रोजगार खूब चल निकला है।

मुहावरा: चल बसना

अर्थ: मर जाना।

वाक्य में प्रयोग: बडे़-बड़े इस दुनियां से चल बसे।

मुहावरा: चहल पहल मचना

अर्थ: रौनक होना।

वाक्य में प्रयोग: इस बाग में तो हर समय चहल-पहल मची रहती है।

मुहावरा: चांद पर थूकना

अर्थ: किसी की व्यर्थ निन्दा करना और फलतः स्वयं निन्दित होना।

वाक्य में प्रयोग: महात्मा गांधी के विषय में कुछ कहना चांद पर थूकना है।

मुहावरा: चांदी का जूता

अर्थ: रूपयों का लालच।

वाक्य में प्रयोग: चांदी के जूते से सब काम हो सकते हैं।

मुहावरा: चादर से बाहर पैर पसारना

अर्थ: आय से अधिक व्यय करना।

वाक्य में प्रयोग: लड़कियों की शादी पर लोग प्रायः अपनी चादर से बाहर पैर पसार देते हैं।

मुहावरा: चारों खाने-चित होना

अर्थ: ऐसा चित गिरना जिससे हाथ-पांव फैल जायं।

वाक्य में प्रयोग: गामा ने एक ऐसा पेंच लगाया कि जबिस्कां चारों-खाने चित्त हो गया।

मुहावरा: चार पैसे

अर्थ: कुछ धन।

वाक्य में प्रयोग: हमारे पास चार पैसे होते तो हम भी अपना रोजगार खोल बैठते।

मुहावरा: चाल चलना

अर्थ: धूर्तता करना, धोखा देने का काम करना।

वाक्य में प्रयोग: बच्चा, हम से भी चाल चलते हो? यहां तुम्हारी दाल न गलेगी।

मुहावरा: चाल में आना

अर्थ: धोखे में आना।

वाक्य में प्रयोग: पता नहीं वह तुम्हारी चाल में कैसे आ गया।

मुहावरा: चाल सुधारना

अर्थ: आचरण सुधारना।

वाक्य में प्रयोग: अभी से अपनी चाल सुधारों, नहीं तो पीछे पछताओगे।

मुहावरा: चिंता सवार रहना

अर्थ: फिक्र लगी रहना।

वाक्य में प्रयोग: उस पर हमेशा परीक्षा की चिंता सवार रहती है।

मुहावरा: चिऊंटे को पर लगना

अर्थ: मृत्यु समीप आना।

वाक्य में प्रयोग: मालूम होता है, तुझ चिऊंटे को लग गये हैं, जो हमसे छेड़खानी करने लगा है।

मुहावरा: चिकना घड़ा

अर्थ: वह आदमी जिस पर उपदेश का कुछ भी असर न पढे़, बेहया, ढीठ।

वाक्य में प्रयोग: अजी वह निरा चिकना घड़ा है, तुम्हारे कहने सुनने का कुछ भी फल न होगा।

मुहावरा: चिकनी चुपड़ी बातें

अर्थ: मीठी बातें जो किसी को धोखा देने के लिए कही जायें।

वाक्य में प्रयोग: उसकी चिकनी चुपड़ी बातों में आकर मैंने अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार ली।

मुहावरा: चिड़िया फंसना

अर्थ: किसी मालदार आदमी को दांव पर चढ़ाना, किसी स्त्री को बहका कर सहवास के लिए राजी करना।

वाक्य में प्रयोग: अब किसी चिड़िया को फंसाया है जो मजे से पहाड़ पर चले हो! वे नित नई चिड़िया फंसाते हैं और ऐश करते हैं।

मुहावरा: चित्त में चढ़ना

अर्थ: मन में बसना, बार-बार ध्यान में आना।

वाक्य में प्रयोग: तुम्हारे तो वही चित्त पर चढ़ा हुआ है।

मुहावरा: चिराग बुझना

अर्थ: इकलौते लड़के की मृत्यु होना।

वाक्य में प्रयोग: जब से उसके घर का चिराग बुझा है उसका दिल किसी काम में नहीं लगता।

मुहावरा: चुगली खाना

अर्थ: किसी के विपरीत दूसरे से शिकायत करना।

वाक्य में प्रयोग: चुगली खाकर तुम्हारे हाथ क्या आया, मेरी व्यर्थ में नौकरी छूट गई।

मुहावरा: चुटकियों में

अर्थ: अति शीघ्र।

वाक्य में प्रयोग: मैं चुटकियों में बटन लगा देती हूं, आप को देर न होगी।

मुहावरा: चुप साधना

अर्थ: मौन धारण करना।

वाक्य में प्रयोग: मोहन सबेरे से चुप साधे बैठा है, उसे मनाओ तो सही।

मुहावरा: चुल्लू भर पानी में डूबना या डूब मरना

अर्थ: लज्जा के मारे मुंह न दिखाना।

वाक्य में प्रयोग: आदमी होकर स्त्रियों से पीछे रहते हो, कुछ शरम हो तो चुल्लू भर पानी में डूब मरो।

मुहावरा: चूं न करना

अर्थ: प्रतिवाद में कुछ न कहना।

वाक्य में प्रयोग: थानेदार ने इतना अपमान किया, किन्तु किसी ने चूं न की।

मुहावरा: चूड़ियां पहनना

अर्थ: स्त्रियों का वेश धारण करना, औरत बनना।

वाक्य में प्रयोग: लड़ाई के मैदान से भागते हुए तुम्हें जरा भी शरम न आई, अब तुम चूड़ियां पहन कर बैठो, और हम जाकर शत्रु का सामना करेंगी।

मुहावरा: चूल्हे में पड़ना या जाना

अर्थ: नष्ट भ्रष्ट हो जाना-

वाक्य में प्रयोग: चूल्हे में पड़े तुम्हारा माल, मुझे अभी रूपये दो। चूल्हे में जाय तुम्हारा तमाशा।

मुहावरा: चूल्हें में डालना

अर्थ: नष्ट भ्रष्ट करना।

वाक्य में प्रयोग: चूल्हें में डालों अपनी सौगात।

मुहावरा: चूल्हें में जलाना

अर्थ: रसोई न बनना, हालत खराब होना।

वाक्य में प्रयोग: भारतीय किसानों के घरों में महीने में पन्द्रह दिन चूल्हा जलता ही नहीं।

मुहावरा: चेहरा उतरना

अर्थ: उदास हो जाना।

वाक्य में प्रयोग: पिताजी ने कहा हम तुम्हें अपने साथ शिमला नहीं ले जायेंगे। यह सुनते ही मोहन का चेहरा उतर गया।

मुहावरा: चेहरे पर हवाइयां उड़ना

अर्थ: भयभीत होना।

वाक्य में प्रयोग: फौज का आना सुनकर भीरू सिपाहियों के चेहरों पर हवाइयां उड़ने लगीं।

मुहावरा: चैन की वंशी बजाना

अर्थ: आराम से दिन काटना।

वाक्य में प्रयोग: आजकल साहब दौरे पर गया हुआ है और तुम खूब चैन की वंशी बजाते हो।

मुहावरा: चोटी से एड़ी तक का पसीना बहाना

अर्थ: बहुत परिश्रम करना।

वाक्य में प्रयोग: हमने उसके लिए चोटी से एड़ी तक का पसीना बहाया, पर उसने अब तक मजदूरी नहीं दी।

मुहावरा: चोटी हाथ में होना

अर्थ: काबू में होना।

वाक्य में प्रयोग: अब वे कहां जायेंगे, उनकी चोटी तो हमारे हाथ में है।

मुहावरा: चोला बदलना

अर्थ: एक शरीर परित्याग कर दूसरा शरीर धारण करना, नया सज-धज बनाना।

वाक्य में प्रयोग: आत्मा अमर है, जीव के चोले बदलने को ही लोग मृत्यु कहते हैं। आज तो तुमने चोला ही बदल दिया।

मुहावरा: चोली दामन का साथ

अर्थ: बहुत अधिक साथ या घनिष्ठता, ऐसा साथ जिसके जल्दी छूटने की आशा न हो।

वाक्य में प्रयोग: गोपाल का और उस का चोली दामन का साथ है।

मुहावरा: चौकड़ी भूल जाना

अर्थ: एक भी चाल न सूझना, सुध-बुध भूल जाना।

वाक्य में प्रयोग: जंगल में शेर को देखते ही बडे़-बडे़ बहादुर चैकड़ी भूल जाते है।

मुहावरा: चौका लगाना

अर्थ: लीप पोत कर बराबर करना। सत्यानाश करना।

वाक्य में प्रयोग: उसने हमें सहायता क्या दी उल्टा हमारे परिश्रम पर चौका लगा दिया।

यह भी पढ़ें:

अ से शुरू होने वाले मुहावरे

आ से शुरू होने वाले मुहावरे

इ से शुरू होने वाले मुहावरे

उ से शुरू होने वाले मुहावरे

Leave a Reply