How to make Gulal at Home-कैसे बनाएं गुलाल

इस होली घर पर बनाए गुलाल

गुलाल होली हिंदू धर्म के लोगों द्वारा मनाया जाने वाला सबसे रंगीन और उत्साहपूर्ण त्योहार है। भगवान कृष्ण के जीवन से जुड़े स्थानों पर यह त्योहार और भी अधिक उत्साह के साथ मनाया जाता है। ब्रज क्षेत्रों में होली का उत्सव- मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गोकुल, नंदगांव और बरसाना में बहुत लोकप्रिय हैं। खासकर बरसाना की लट्ठमार होली विश्व प्रसिद्ध है।

मूल रूप से, होली के रंगों को चटखदार फूलों का उपयोग करके बनाया जाता था जो वसंत के मौसम में खिलते हैं। वसंत ऋतु में होली आती है और प्राचीन समय में लोग होली खेलने के लिए गुलाल के रंग इस महीने के दौरान खिलने वाले पौधों और फूलों से बनाते थे। समय के साथ इन फूलों के रंग की जगह रासायनिक रंगों ने ले ली।

अब होली में इन सिंथेटिक रंगों का बोलबाला हो गया है जो स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए ही खतरनाक है। हमें यह परम्परा बदल कर वापस प्राकृतिक रंगों की ओर लौटना होगा। इस होली में आप बाजार में मिलने वाले अप्राकृतिक रंगों को छोड़ कर घर पर ही अपने प्राकृतिक रंग बनाकर सुरक्षित होली खेल सकते हैं। आप जहरीले रासायनिक रंगों को छोड़ कर और प्राकृतिक घरेलू रंगों से खेलकर अपनी, अपने प्रियजनों और पर्यावरण की रक्षा कर सकते हैं।

इस होली पर हम आपको घर पर रंग और गुलाल तैयार करने की इतनी आसान विधि बताने वाले ​हैं, जिसकी मदद से आप न​ सिर्फ बहुत आराम से अपने घर के पास के स्टोर पर उपलब्ध चीजों से गुलाल और रंग बना पाएंगे बल्कि होली खेलने के अपने अनुभव को और ज्यादा सुखद और खुशबूदार भी बना लेंगे।

कैसे बनाएं पीला गुलाल?

पीला बहुत ही चमकीला रंग है जो ऊर्जा, खुशी और जीवन को इंगित करता है। सूखा पीला गुलाल बनाने के लिए 1:2 के अनुपात में बेसन में हल्दी पाउडर मिलाकर पीला रंग तैयार किया जा सकता है। आप किसी भी पीले रंग के फूल जैसे गेंदा या पीले गुलदाउदी को मसल कर पानी में मिला कर रंग भी बना सकते हैं। ये रंग प्राकृतिक होने के साथ ही खुशबूदार भी होगा।

कैसे बनाए लाल गुलाल?

सूखे लाल गुड़हल के फूलों से लाल रंग तैयार किया जा सकता है। सूखे गुड़हल और गुलाब के फूल लें और उन्हें बारीक पीसकर पाउडर बना लें अगर आपके पास फूल नहीं है तो इसके स्थान पर लाल चंदन का भी प्रयोग किया जा सकता है। आप सूखा लाल गुलाल बनाने के लिए के लिए चावल के आटे और इस चूर्ण को एक समान मात्रा में मिला सकते हैं। आप अनार के छिलके को उबाल कर लाल रंग बना सकते हैं।

कैसे बनाए हरा गुलाल?

हरे रंग का गुलाल मेहंदी या मेहंदी पाउडर से बनाया जा सकता है। गीले रंग के लिए आप कोई भी हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक या नीम का इस्तेमाल कर सकते हैं। पत्तों को पानी में डुबाने पर यह हरा रंग देगा।

कैसे बनाए गुलाबी गुलाल?

चुकंदर गुलाबी रंग का एक अच्छा स्रोत है। आप कटे हुए चुकंदर को पानी में भिगो सकते हैं, मिश्रण को उबाल कर रात भर के लिए छोड़ दें। यदि आप गुलाबी रंग का गहरा रंग चाहते हैं, तो मिश्रण को थोड़ा और पतला करें। इस घोल में चावल या अरारोट का आटा मिलाकर गुलाबी रंग बनाया जा सकता है।

अगर आप ये सब नहीं करना चाहते हैं तो बाज़ार में उपलब्ध फ़ूड कलर से भी ये रंग बना सकते हैं। ये रंग आपकी त्वचा को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे लेकिन प्राकृतिक भी नहीं होंगे। इन पीले, नीले, लाल, हरे रंग के फूड कलर्स को गीला रंग बनाने के लिए पानी में आसानी से मिलाया जा सकता है।

आप इस मिश्रण में आनुपातिक मात्रा में कॉर्न स्टार्च भी मिला सकते हैं और इसे सूखने के लिए छोड़ सकते हैं। जब मिश्रण सूख जाए तो आप इसे मिक्सर ग्राइंडर से बारीक पीसकर पाउडर बना सकते हैं।

अब आपके पास इस होली का आनंद लेने के लिए प्राकृतिक गीले और सूखे रंग होंगे। होली की शुभकामनाएं

क्या आप जानते हैं:

त्वचा से कैसे हटाएं होली के पक्के रंग?

होली पर हिट बॉलीवुड सांग्स

क्या है होली की कहानी?

Leave a Reply